कमला थाना क्षेत्र स्थित कोटरा सुलतानाबाद में रविवार दोपहर दो निगरानी बदमाशों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर टीचर पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने उक्त मामले में मारपीट और अड़ीबाजी समेत धारदार हथियार से हमला करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र ने बताया कि सुशील सिंह रावत (32) कोटरा सुलतानाबाद क्षेत्र में रहते हैं। वे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। उनके यहां ट्यूशन आने वाले बच्चे का संस्कार शर्मा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सुशील शर्मा ने बचाव किया और विवाद शांत हो गया। विवाद शांत होने के बाद संस्कार शर्मा ने निगरानी बदमाश सुधीर डेहरिया और सचिन मालवीय से संपर्क किया।

सुधीर डेहरिया, सचिन मालवीय, अपने साथ साथी दानिश और हर्षवर्धन के साथ संस्कार को लेकर दोपहर करीब 12 बजे सुशील के घर पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। आरोपी कहने लगे कि अब विवाद तभी शांत हो सकेगा, जब तू हमें रंगपंचमी का खर्चा देगा।

 सुशील ने उन्हें रुपए देने से मना किया तो आरोपियों उनसे मारपीट शुरू कर दी। इस बीच बदमाशों ने सुशील के सिर पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में सुशील को सिर में दो जगह और हाथ में गंभीर चोट आई है। उसका हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।