पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी आज कांग्रेस में शामिल हो गए। वे समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ के आवास पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद दीपक जोशी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ बुदनी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।
दीपक जोशी ने अपने पिता कैलाश जोशी की तस्वीर लेकर कांग्रेस की सदस्यता ली। दीपक जोशी के साथ दतिया जिले से विधायक रहे राधेलाल बघेल भी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए।
कांग्रेस की सदस्यता लेने से बाद मीडिया से चर्चा में दीपक जोशी ने कहा कि मैंने साफ कह दिया है कि मैं कांग्रेस के उस कार्यकर्ता का हिस्सा नहीं लूंगा, जो साढ़े चार साल से काम कर रहा है। मैंने पहले भी कहा है कि कांग्रेस में कोई चुनाव नहीं लडूंगा। पार्टी को अगर लगता है कि चुनाव लड़ाना है, तो मैं बुधनी से चुनाव लड़ने को तैयार हूं। देवास में कोई चुनाव नहीं लडूंगा।
दीपक जोशी ने यह भी कह कि जन संघ के चुनाव चिह्न दीपक को बीजेपी ने अपनी विचारधारा के साथ कहीं न कहीं विलोपित कर दिया। इसीलिए आज मैं कांग्रेस के साथ हूं। मेरी विरासत ईमानदारी की है, उस पर मैं चलूंगा और निरंतर रहूंगा। शिवराज जी भले छोटा भाई मानते हों, लेकिन वे मेरे बड़े भाई कभी नहीं हैं। बहुत बदल गए हैं। उनको जिस प्रकार का काम करना चाहिए, वह काम नहीं कर पा रहे हैं।