मध्यप्रदेश विधानसभा में आज विपक्ष ने सरकार को ओलों से तबाह फसल, 10वीं-12वीं के पेपर लीक होने पर घेरने की कोशिश की तथा सदन से बहिर्गमन भी किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि 20 लाख स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की फीस वापस की जाए। ओलों से किसान बर्बाद हो गए, अब तक सर्वे शुरू नहीं हुआ। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल रोकने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की।
कांग्रेस के इस वॉकआउट पर संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ये तरीका ठीक नहीं। बिना जवाब सुने वॉकआउट किया जा रहा है। इनके दोनों नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह एक भी खेत में नहीं गए। ये घड़ियाली आंसू बहाते हैं। दरअसल, विधानसभा में आज फिर 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक का मामला उठा, इसे कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने उठाया। वहीं कालापीपल से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ओलों से नष्ट फसल लेकर विधानसभा परिसर में आये । विपक्ष के तेवर ताजा कई मामलों पर आज शुरू से ही सदन में सरकार को घेरने के नजर आ रहे हैं।
ध्यानाकर्षण में कई मुद्दे : आज ध्यान कर्ण में विधायक अर्जुन सिंह काकोड़ा, संजय सत्येन्द्र पाठक, नारायण सिंह पट्टा, सिवनी जिले के पेंच नेशनल पार्क के कोर एरिया क्षेत्र में व्यवसाय पर लगे प्रतिबंध को हटाने, शरदेन्दु तिवारी, पंचलाल प्रजापति, कुंवर सिंह टेकाम, रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में द्वारा पद का दुरुपयोग, शैलेन्द्र जैन, पांचवीं व आठवीं की परीक्षा को बोर्ड पैटर्न से मुक्त रखे जाने की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट करेंगे।
जबकि हिना लिखीराम कावरे, 6 से 8 तक जन्म लेने वाली बालिकाओं को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ न मिलने की ओर तथा सुखदेव पांसे बैतूल के मुलताई - हतनापुर रेल्वे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ न होने व रमेश मेंदोला का शिक्षा के अधिकार के तहत कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं के शुल्क की प्रतिपूर्ति न करने का ध्यानाकर्षण कार्यसूची में है।
बिसेन ने बनाया दबाव, सिंह बोले- नौकरशाही एकतरफा कार्य कर रही
प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी के सदस्य गौरीशंकर बिसेन ने राज्य कुक्कुट विकास निगम के एक अधिकारी का मामला उठाते हुए कहा कि उसके खिलाफ अनेक शिकायतें हुईं, लेकिन वे बगैर जांच के ही नस्तीबद्ध कर दी गई। उन्होंने इन शिकायतों की जांच विधायकों की समिति से कराने की मांग की। पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने कहा कि संबंधित शिकायतों की जांच हुई है। इस बीच अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि प्रत्येक जांच में विधायकों को शामिल किया गया, तो अन्य काम नहीं हो पाएंगे।
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि नौकरशाही एकतरफा कार्य कर रही है। संसदीय कार्य मंत्री मिश्रा ने कहा कि प्रश्नकर्ता सदस्य जिस भी व्यक्ति से जांच कराने की बात कहेंगे, वह सरकार स्वीकार करेगी। तभी बिसेन ने भाजपा के सदस्य यशपाल सिंह सिसोदिया का नाम लेते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति में जांच कराई जाए। अध्यक्ष गौतम ने कहा कि सिसोदिया की मौजूदगी में इस मामले की शिकायत की जांच कराई जाएगी। इसके बाद प्रश्नकर्ता सदस्य संतुष्ट दिखे।