बागेश्वरधाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जल्द ही अंग्रेजों की ठठरी बांधने अमेरिका जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह 15 अगस्त को अमेरिका में तिरंगा फहराएंगे। यह बात उन्होंने सोमवार को जबलपुर में अपने दिव्य दरबार में कैलिफोर्निया के एक भक्त के समक्ष कही।

दरअसल, अमेरिका के कैलिफोर्निया से एक भक्त बागेश्वरधाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में अपनी अर्जी लेकर जबलपुर पहुंचा था। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने उनसे पूछा कि वे कहां से आए हैं, तो उन्होंने उत्तर दिया कि वे अमेरिका से आए हैं।

इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चिल्लाकर पूछा कि अमेरिका में कहां से आया? उसने कैलिफोर्निया से जवाब दिया। इसके बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हम जुलाई में अमेरिका आ रहे हैं, हमें वहां 15 अगस्त को झंडा फहराने के लिए बुलाया गया है और वहां भी हम अंग्रेजों की ठठरी बांधेगे।

इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अंग्रेजी शब्दों का प्रयोग करना शुरू किया। उन्होंने फिर भक्त से पूछा कि अमेरिका से आए हो तो कैसा लग रहा है। इस पर श्रद्धालु ने कहा कि वह 4-5 दिन पहले बागेश्वरधाम दर्शन करके आया था, उसे बहुत अच्छा लग रहा है। तब पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने फिर अंग्रेजी में कहा- 'हां'।

इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अमेरिका के भक्त के लिए पर्ची लिखना शुरू किया। ज्ञात हो कि जबलपुर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा 25 मार्च से 31 मार्च तक चल रही है। सोमवार और मंगलवार को कथा स्थल पर उनका दिव्य दरबार भी है।