मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से एक्शन में है। पार्टी लगातार अपनी चुनावी प्लानिंग को जमीनी जामा पहना रही है। पिछले कई दिनों से चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे।

पार्टी संगठन जहां कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर पेश कर रहा था, वहीं दूसरी ओर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री पद पर कमलनाथ की दावेदारी पर सवाल उठा रहे थे। लेकिन अब कमलनाथ को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का पुरजोर समर्थन मिला है। दिग्विजय सिंह ने भविष्यवाणी की है कि कमलनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय खुलकर कमलनाथ के समर्थन में आ गए हैं और साफ तौर पर कहा है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीतेगी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे। सागर के सुरखी में मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि नवंबर-दिसंबर 2023 में जब शपथ ली जाएगी तो वह कमलनाथ की सरकार होगी।

उधर, दिग्विजय सिंह ने BJP पर हमला बोलते हुए कहा कि BJP में सात लोग मौका मिलने पर सीएम की कुर्सी पर विराजने को तैयार बैठे हैं,  लेकिन उन्हें मौका नहीं मिलेगा। नवंबर-दिसंबर 2023 में अगर शपथ ली जाती है तो वो कमलनाथ ही लेंगे।

इससे पहले मंगलवार को बीना पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार कर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। वहीं मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि हमारे पास एक ही चेहरा है, वह कमलनाथ हैं।