भोपाल: केंद्र सरकार ने कॉल बिफोर यू डिग नाम से एक एप बनाया है। इस एप में निर्माण एजेन्सियों द्वारा भूमिगत खुदाई वाले स्थल की जानकारी डालना होगी जिससे पता चल सके कि उस स्थल पर पहले से कोई भूमिगत निर्माण तो नहीं है जो खुदाई में नष्ट हो जाये।

केंद्र सरकार ने मप्र सरकार को इस एप से जुडऩे के लिये कहा है तथा राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने नौ विभागों यथा नगरीय प्रशासन, जल संसाधन, पंचायत, राजस्व, खनिज, वन, ऊर्जा, लोनिवि तथा पर्यावरण से कहा है कि वे अपने विभाग से एक अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाये जिससे इस एप के जरिये उससे सम्पर्क किया जा सके।

दरअसल दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार के लिये भूमिगत ऑप्टिकलज फाईबर केबल डालने के लिये खुदाई का कार्य होता है जोकि प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रचलित है। इस खुदाई के दौरान पूर्व में स्थापित आधारभूत अधोसंरचन क्षतिग्रस्त हो जाती है जिससे समय एवं धन का अपव्यय होता है। भूमिगत खुदाई से संसाधनों को क्षति होने से बचाव हेतु केंद्र सरकार ने कॉल बिफोर यू डिग नाम से एक एप बनाया है।

इस एप में विभिन्न एजेन्सियों द्वारा भूमिगत खुदाई करने से पूर्व संबंधित क्षेत्र/स्थान का विस्तृत विवरण देना होता है। इसी जानकारी के आधार पर पता चल सकेगा खुदाई वाले स्थल पर पहले से तो कोई अन्य निर्माण हैं या नहीं। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सभी विभाग अपने निर्माण कार्यों की जानकारी जियोग्राफिक इन्फरमेशन सिस्टम में डाल रहे हैं तथा उक्त नया एप भी इसी से जुड़ा है।