भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन ब्लास्ट मामले में लखनऊ की NIA कोर्ट ने फैसला सुना दिया है। कोर्ट ने शाजापुर जिले में हुए ट्रेन ब्लास्ट मामले में आठ लोगों को दोषी करार दिया है। कोर्ट दोषियों को मंगलवार यानी आज सजा सुनाएगी। सोमवार को सुनवाई के दौरान 8 आतंकियों को कोर्ट लाया गया था।
छह साल पहले शाजापुर के पास जबरी रेलवे स्टेशन पर भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुए विस्फोट में नौ लोग घायल हो गए थे। जबरी रेलवे स्टेशन पर सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर ट्रेन में बम फटने से अफरातफरी मच गई थी। यात्रियों ने ट्रेन से कूदकर जान बचाई थी। केंद्र सरकार ने घटना की जांच एनआईए को सौंपने का फैसला किया था।
मामले को लेकर लखनऊ NIA कोर्ट में चार्जशीट पेश की गई थी। विशेष न्यायाधीश विवेकानंद शरण पांडेय ने सभी आठों आरोपियों को दोषी करार दिया है।
अपराधियों के नाम मोहम्मद फैसल, गौस मोहम्मद, अजहर, आतिफ, मुजफ्फर दानिश, मीर हुसैन, आसिफ इकबाल, आतिफ ईरानी हैं।