इंदौर के चोइथराम सब्जी मंडी में भीषण आग लगने की ख़बर सामने आई है। चोइथराम मंडी में जमील हाजी की दुकान में आग लग गयी जिससे लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। कहा जा रहा है कि मंडी के अंदर जमील हाजी की फलों की दुकानों में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक देखी जा सकती थी। अगजनी से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। यह राज्य की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। कई दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। मंडी की कई दुकानों में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे बाजार में फैल गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस का बीड़ा मौके पर पहुंच गया।
चोइथराम सब्जी मंडी शहर के राजेंद्र नगर इलाके में स्थित है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रदेश विधायक शंकल लालवानी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को आग पर तत्काल काबू पाने के निर्देश दिए। दो दिन पहले भोपाल के प्रशासनिक भवन सतपुड़ा में आग लग गई थी। इसे बुझाने के लिए सेना और वायुसेना की मदद लेनी पड़ी थी।