भोपाल के सतपुड़ा भवन में भीषण आग लग गई। भवन में लगे तीन एसी में विस्फोट के कारण आग लगी। आग लगने से कार्यालय का फर्नीचर व जरूरी फाइलें जल गई हैं। बताया जा रहा है, कि एक साल पहले ही इस कार्यालय का रेनोवेशन किया गया था।
राजधानी भोपाल के सतपुड़ा भवन में कई सरकारी विभागों के दफ्तर हैं। मंत्रालय के सामने सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर आदिवासी क्षेत्रीय विकास परियोजना कार्यालय में आग लग गई, जिसके बाद पूरी इमारत को खाली करा लिया गया है।
इमारत की चौथी और पांचवीं मंजिल पर मौजूद कर्मचारी किसी तरह बाहर निकलने के लिए दौड़े। जिन दो कार्यालयों में आग लगने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है उनमें जनजातीय क्षेत्रीय विकास परियोजना और स्वास्थ्य निदेशालय शामिल हैं। दोनों विभागों के महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। आग में किस विभाग और किस शाखा के दस्तावेज जले हैं, यह पूरी जांच के बाद ही सामने आएगा।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही आनन फानन में नगर निगम व पुलिस का अमला आधा दर्जन दमकल गाडिय़ों के साथ पहुंच गया। तीसरी मंजिल पर आग लगने के कारण उसे बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने से पूरी सतपुड़ा बिल्डिंग को खाली करा लिया गया। हजारों की संख्या में कर्मचारी बिल्डिंग के बाहर जमा हो गए।