मध्यप्रदेश के देवास जिले में शुक्रवार को एक डिस्पोजल कंपनी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 2 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 2 अन्य मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें चोटों के साथ अस्पताल ले जाया गया है। फायर ब्रिगेड की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हादसा औद्योगिक क्षेत्र स्थित आराध्या डिस्पोजल प्राइवेट कंपनी में शुक्रवार सुबह 11 बजे हुआ। कंपनी में रद्दी कागज होने के कारण आग तेजी से फैली और जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। इस बेकाबू आग में चार मजदूर कंपनी के अंदर ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की टीम और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि कंपनी का मेन गेट आग की चपेट में आने के कारण दमकल की टीम ने जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर मजदूरों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उज्जैन के ग्राम पंखेड़ी निवासी 23 वर्षीय सोनू चौधरी व 30 वर्षीय पप्पू परमार की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। वहीं, दो मजदूरों महेश वर्मा और बहादुर को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

घटना को लेकर एसडीएम प्रदीप सोनी ने बताया कि डिस्पोजल फैक्ट्री में आग लग गई थी। घटना की जानकारी होने पर नगर पालिका की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों में कंपनी में अग्नि सुरक्षा थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।