विधानसभा में बुधवार को शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट पेश होना है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा विधानसभा पहुँच गए हैं। इस बार वे टैबलेट से पढ़कर बजट भाषण देंगे। बजट लगभग 3.20 लाख करोड़ रुपए का होने की उम्मीद है।

विधानसभा रवाना होने से पहले वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पत्नी के साथ अपने आवास पर पूजा की। पत्नी ने तिलक कर मंत्री को विधानसभा के लिए रवाना किया। वहीं सुबह विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक हुई। इसमें बजट भाषण को अप्रूवल दिया गया।

बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने कहा कि बजट जनता की उम्मीदों का होगा और प्रदेश की जनता बजट से मुस्कुराएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट  'लाडली बहना' के लिए विशेष बजट है। माना जा रहा है कि साल के आख़िर में चुनाव तो देखते हुए या चुनावी घोषणाओं से भरा होगा। 

इससे पहले मंगलवार को शिवराज सरकार ने 2022-23 का आर्थिक सर्वेक्षण जारी किया था। इसमें बताया गया था कि 2011-12 की तुलना में 2022-23 में प्रति व्यक्ति आय 38 हजार 497 रुपएसे एक लाख 40 हजार 583 पहुंच गई है। प्रचलित भाव में यह बढ़ोतरी हुई है तो स्थिर भाव में यही प्रति व्यक्ति आय 38 हजार 497 से 11 साल में 65023 रुपए तक हो गई है।