रेलवे ने मप्र को मिली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस के रैक का ट्रायल शुरू कर दिया है। सोमवार रात को रानी कमलापति स्टेशन से आगरा तक किया गया पहला ट्रायल सफल रहा है। मंगलवार को आगरा से पलवल के बीच ट्रायल किया जा रहा है। आगे भी अलग-अलग रेल खंडों में ट्रायल किया जाना है। उल्लेखनीय है कि ट्रेन को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से आगरा के लिए रात नौ बजे चलाया गया था। ट्रेन को बीना रेलवे स्टेशन तक 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया गया। इसके बाद गति सीमा कम कर दी थी। 

पलवल से आगरा के बीच करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रायल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वंदे भारत एक्सप्रेस को एक अप्रैल को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से नहीं आया है। लेकिन रेलवे के अधिकारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां कर रहे हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के 16 कोच हैं। इन्हीं में मोटर कार कोच भी शामिल है, जिसमें लोको पायलट और सहायक लोको पायलट रहते हैं। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक 1128 सीटें हैं।

विशेष दल को दी ट्रायल की जिम्मेदारी

ट्रायल की कमान भोपाल रेल मंडल के विशेष दल को दी है, जो ट्रेन की गति को अलग- अलग मापदंडों पर परख रहा । इस दल को इंटीग्रल कोच फैक्ट्री से आए विशेष सहयोग कर रहे हैं। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि जरुरत और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए ट्रायल के दौरान गति सीमा को कम और अधिक किया जा रहा है।