राजाभोज विमानतल पर रविवार को एक विदेशी महिला यात्री को सीआईएसफ की टीम ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दरअसल, विदेशी महिला यात्री भोपाल से हैदराबाद का सफर करने के लिए यहां पहुंची थी। उसकी दोपहर में फ्लाइट थी । इससे पहले ही गेट में चेक इन के समय सीआईएसएफ के कर्मचारियों ने उसके फर्जी दस्तावेज देखकर उसे पकड़ लिया और गांधी नगर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि थाईलैंड की उक्त महिला अनैतिक देह व्यापार के मामले में वर्ष 2018 में गिरफ्तार हुई? थी। उस समय पुलिस ने उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया था। उसे हैदराबाद जाना था और उसने फर्जी तरह से तीन आधार कार्ड बनवा लिए। पुलिस ने सभी आधार कार्ड जब्त कर लिया है।

तीन अलग अलग आधार कार्ड बनाए फर्जी

एएसआई नीलेश सेंगर ने बताया कि उप निरीक्षक नीरज हुड्डा सीआईएसएफ में पदस्थ हैं और राजा भोज विमानतल में सुरक्षा अधिकारी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार को एयरपोर्ट में प्रवेश करने वाले यात्रियों के दस्तावेज चेक किए जा रहे थे।

इस दौरान मूलतः थाईलैंड निवासी बेचमेंट मुनई उर्फबेचमार्ट मुनई पिता प्रापा मुनई ( 39 ) पहुंची। उन्होंने अपने दस्तावेज दिखाई तो चेक करने पर पता चला कि आधार कार्ड फर्जी है। संदेह होने पर सीआईएसएफ की टीम उन्हें गांधी नगर थाने लेकर पहुंची।

गांधी नगर पुलिस ने महिला अधिकारी को बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वर्ष 2018 में राजधानी पुलिस ने उसे अनैतिक देह व्यापार के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। उस समय उसका पासपोर्ट पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद से ही वह भोपाल में यहां वहां रहकर समय बिता रही थी। उसे अब हैदराबाद जाना था और उसके पास दस्तावेज नहीं थे। लिहाजा उसने तीन अलग अलग आधार कार्ड फर्जी तरीके से बना लिए थे।