पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भीड़ द्वारा साधुओं के एक समूह की कथित तौर पर पिटाई का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।  वीडियो को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधा है।

शिवराज सिंह चौहान ने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करके कहा है, कि गंगा सागर की धार्मिक यात्रा पर निकले साधुओं के साथ प. बंगाल के पुरुलिया जिले में मारपीट का वीडियो सामने आया है। इस तरह की घटना अत्यंत निंदनीय और असहनीय है। मामले में सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता के कयास भी लगाए जा रहे हैं। बंगाल में अराजकता और आतंक अपने चरम पर है। हिंसा का आलम ये है कि महिलाएं, बच्चे, आम नागरिक, साधु-संत और जांच एजेंसियों के अधिकारी-कर्मचारी तक असुरक्षित हैं। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और अकर्मण्य सत्तारूढ़ दल मौन है।

आपको बता दें, कि सोशल मीडिया पर 30 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भिक्षुओं के एक समूह को भीड़ द्वारा कथित तौर पर लूटते और हमला करते देखा जा सकता है। इस बीच बीजेपी बंगाल के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी इस हमले को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है। 

उन्होंने कहा, ''पुरुलिया में चौंकाने वाली घटना, पालघर त्रासदी की तरह, गंगासागर जा रहे भिक्षुओं को टीएमसी से जुड़े अपराधियों ने लूट लिया और मार डाला। ममता बनर्जी के शासन में, शाहजहाँ जैसे आतंकवादियों को राज्य संरक्षण मिलता है, जबकि साधुओं को हिंसा का सामना करना पड़ता है। पश्चिम बंगाल में हिंदू होना अपराध है।