मुरैना में एक पूर्व छात्र ने कोचिंग संचालक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली कोच संचालक के पेट में जा लगी, उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है।
25 वर्षीय गिरवर सिंह पुत्र मोहरवान सिंह कुशवाह मुरैना के पास गुड इंग्लिश एजुकेशन नाम से कोचिंग सेंटर चलाता है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे विकास राठौड़ नाम के युवक ने उसे कोचिंग सेंटर के बाहर बुलाया। जैसे ही गिरवर सिंह कोचिंग से बाहर आया, विकास राठौड़ ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी।
गोली गिरवर सिंह के पेट में लगी। घायल हालत में जिला अस्पताल लाए गए कोचिंग सेंटर के मैनेजर ने बताया कि विकास राठौर तीन साल पहले तक उनकी कोचिंग में पढ़ता था, उससे कभी कोई विवाद नहीं हुआ, हालांकि उसने जानलेवा हमला क्यों किया, यह स्पष्ट नहीं है।
पुलिस आशंका जता रही है कि पुराने चर्चित विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। घायलों ने बताया कि विकास राठौड़ के साथ एक अन्य युवक विनय राठौड़ भी मौजूद था। फायरिंग के बाद दोनों बाइक से भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।