तंत्र-मंत्र से संतान प्राप्ति के नाम पर अब तक 60 लोगों से 6 करोड़ रुपए तक की ठगी को अंजाम देने वाले एक बाबा को भोपाल से गिरफ्तार किया गया है।
क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ़्तार बाबा यूट्यूब पर लोगों को फंसाता था। बाबा का यूट्यूब पर एक चैनल है, जिसमें वीडियो के माध्यम से बाबा संतान प्राप्ति सहित पारिवारिक समस्याओं के निदान के लिए तंत्र-मंत्र संबंधी उपाय देता था।

दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के लोग भी इस बाबा की ठगी का शिकार बने। बाबा का नाम  योगेश मेहता है और वो उज्जैन का निवासी है। गुना जिले के मृगवास इलाके की एक महिला ने उज्जैन के रहने वाले योगेश मेहता के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। कॉल डिटेल के आधार पर गुना पुलिस ने आरोपी को भोपाल के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

गुना की पूजा परिहार ने 23 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पूजा के मुताबिक़ करीब एक साल पहले उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा, जिसमें एक शख्स जिंदगी की परेशानियों के बारे में बात कर रहा था। वीडियो के नीचे लिंक में मोबाइल नंबर भी दिया गया है। जब उस नंबर पर संपर्क किया गया तो बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम योगेश मेहता बताया।

उसने खुद को आईडीबीआई बैंक का एजेंट बताया। बातचीत के दौरान योगेश मेहता ने उसे विश्वास में लिया और म्यूचुअल फंड में पैसा रखकर अधिक मुनाफा कमाने को कहा। झांसे में आकर पूजा ने 5.50 लाख रुपये दे दिए। योगेश मेहता ने इस रुपये की रसीद और पॉलिसी नहीं दी। जब पूजा ने पॉलिसी मांगी तो वह टालमटोल करने लगा। पुलिस ने योगेश मेहता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने कबूल किया कि उसने 60 लोगों से लगभग 6 करोड़ रुपये की ठगी की है।