भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में 23 साल की युवती से दुष्कर्म करने और अपने दोस्त के साथ हमबिस्तर होने का दबाव बनाने वाले आरोपी पर पुलिस ने बलात्कार समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि डेटिंग एप पर उसकी आरोपी से पहचान हुई थी और आरोपी ने उसके घर शादी के लिए रिश्ता भी भेजा था। इससे पहले ही शादी का झांसा देकर वह दुष्कर्म कर चुका था। इतना ही नहीं वह अपने दोस्त के साथ हमबिस्तर होने का भी दबाव बना रहा था।

पुलिस के अनुसार गौतम नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 23 साल की युवती घर के कामकाज संभालती है। पीड़िता पुलिस को बताया कि गत वर्ष बाग दिलकुशा ऐशबाग निवासी शाहिद खान से उसकी दोस्ती डेटिंग एप के माध्यम से हुई थी। दोनों में चेटिंग होने के बाद मोबाइल पर बातचीत होने लगी। जनवरी 2022 में शाहिद खान ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा और अपने परिजन को युवती के घर शादी का रिश्ता लेकर भेज दिया।

दोनों परिवार में शादी की चर्चा चल रही थी। इस दौरान 21 अगस्त को आरोपी युवक बाग दिलकुशा स्थित अपने किराए के फ्लैट पर युवती को लेकर पहुंचा। वहां पर आरोपी ने उसके साथ शादी का वादा कर बलात्कार किया। इसके बाद 30 अगस्त को भी आरोपी ने उसके साथ दोबारा शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी अब युवती को अपने दोस्त जैद के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। युवती उसका विरोध किया तो वह शादी से इंकार कर रहा है।