मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कार्पोरेशन में प्रबंधक, गुणवत्ता नियंत्रण के पद पर चयनित सुश्री नीलिमा भोयार को उनके विवाह के स्वागत समारोह में नियुक्ति पत्र का तोहफा मिला। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर समारोह कर कार्पोरेशन में चयनित 30 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र वितरण किये थे।
सुश्री भोयार स्वयं का विवाह होने से नियुक्ति-पत्र लेने मुख्यमंत्री निवास पर उपस्थित नहीं हो सकी। यह जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के निर्देश पर ज़िला प्रबंधक बालाघाट आरके पटले ने स्वागत समारोह में जाकर उन्हें नियुक्ति-पत्र सौंपा और शुभकामनाएँ दी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के नव-नियुक्त प्रबंधकों, सहायक गुणवत्ता नियंत्रकों और उपयंत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद उनसे संवाद किया था। मुख्यमंत्री ने 24 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा था कि शासकीय सेवा अपने लिए नहीं, अपनों के लिए है और सभी प्रदेशवासी अपने हैं।
CM शिवराज ने आगे कहा था कि यदि हम उनकी भलाई, कल्याण और उन्नति के लिए काम करेंगे तो प्रदेश की प्रगति होगी। शासकीय सेवा, पक्की नौकरी की निश्चिन्तता देती है, पर साथ ही जन-सामान्य के लिए बेहतर कार्य करने का दायित्व भी इसमें निहित है। शासकीय सेवा में कर्त्तव्यनिष्ठा से किया गया कार्य समाज,देश और प्रदेश के निर्माण में आपके योगदान के रूप में अंकित होता है।