भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित डीबी मॉल की पार्किंग में खड़ी कार का गेट खोलकर बदमाश ने बैग चुरा लिया। बैग में एचपी कंपनी का लैपटाप, आईपेड समेत टूल किट्स रखा हुआ था। बदमाश कार से कुल ढाई लाख रुपए का सामान चुराकर ले गया है। वारदात बुधवार दोपहर 4.40 से साढ़े सात बजे के बीच की है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है।

फुटेज में एक व्यक्ति अपनी कार से उतरकर गेट खोलकर बैग निकालते हुए नजर भी आ रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसआई गंगा सिंह ने बताया कि आशीष मिश्रा ( 32 ) सी सेक्टर इंद्रपुरी में रहते हैं। वे निजी हेल्थ केयर कंपनी में इंजीनियर है। उन्होंने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया बुधवार शाम करीब 4.40 पर उन्होंने अपनी कार डीबी मॉल की पार्किंग में खड़ी की थी। इसके बाद वह शॉपिंग करने चले गए। वहां से साढ़े सात बजे लौटे तो कार में रखा बैग नहीं था। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह कार का सेंटर लॉक करना भूल गए थे।