मध्यप्रदेश में मंगलवार को राज्यस्तरीय लाड़ली लक्ष्मी उत्सव मनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आज यह उत्सव मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी बेटियां पर पुष्पवर्षा कर संवाद किया।
कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने बड़ा एलान भी किया। उन्होंने कहा कि आज हम एक फैसला कर रहे हैं कि लाडली लक्ष्मी योजना के तहत अब मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, लॉ कॉलेज और आईआईटी की फीस मम्मी-पापा नहीं बल्कि शिवराज मामा भरवाएगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का कन्यापूजन एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया तथा कार्यक्रम में पधारी लाड़लियों और बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि मेरी लाड़ली बेटियों, मैं बहुत खुश हूँ, आज लाड़ली लक्ष्मी योजना को सोलह साल पूरे हो गये हैं। इस योजना ने मेरी लाखों बेटियों की जिंदगी बदलने का काम किया है।कार्यक्रम में लाड़ली बेटियों द्वारा दी गई अद्भुत, अकल्पनीय और शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।