प्रदेश में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अब गाय के पालन के लिए सरकार प्रतिमाह 900 रुपये देगी। साथ ही प्रदेश के जनजातीय लोग अगर गौ-पालन का कार्य करना चाहते हैं तो उन्हें दो गाय के लिए 90 प्रतिशत सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर गौरक्षा संकल्प सम्मेलन में शुक्रवार को यह एलान। इस मौके पर सीएम शिवराज ने प्रदेश के शहरी क्षेत्रों सहित सभी विकासखंडों के लिए 406 पशु चिकित्सा एम्बुलेंस को भी रवाना किया। सम्मेलन की अध्यक्षता पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने की। मध्यप्रदेश गौ-संवर्धन बोर्ड कार्य परिषद के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि इस मौके पर विशिष्ट अतिथि थे।
https://twitter.com/OfficeofSSC/status/1656941048927780864?s=20
सम्मेलन में गौ-संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करने वाले शासकीय विभागों के प्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठन, पर्यावरण एवं जैविक, प्राकृतिक कृषि क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रबुद्ध वर्ग, गौशाला संचालक, स्व-सहायता समूह, गौ-संरक्षण में संलग्न सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
गौरतलब है कि मोबाइल पशु चिकित्सा एम्बुलेंस केन्द्र एवं राज्य शासन की संयुक्त योजना है। एम्बुलेंस संचालन में प्रतिवर्ष लगभग 77 करोड़ रूपये व्यय होंगे। इसमें केन्द्रांश एवं राज्यांश का अनुपात 60:40 होगा।
मध्यप्रदेश गौवंश संरक्षण और रक्षा के लिए कड़े कानून लागू करने वाले देश के अग्रणी राज्यों में हैं। गौवंश वध प्रतिशेध अधिनियम में गाय का वध करने पर 7 साल की सजा का प्रावधान है। प्रदेश में 1762 गौशालाओं में 2 लाख 87 हजार गौवंश का पालन हो रहा है। वर्ष 2022-23 में इनके चारे के लिए 202 करोड़ 34 लाख का अनुदान वितरित किया गया।