इंदौर नगर निगम ग्रीन बांड का पब्लिक इश्यू जारी करने वाला देश का पहला शहरी निकाय बन गया। नेशनल स्टाक एक्सचेंज में इसे मंगलवार को सूचीबद्ध किया गया है। इसके प्रत्येक बांड का मूल्य एक हजार रुपये है तथा बांड लेने वाले निवेशकों को निगम 8.44 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से भुगतान करेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मंगलवार को भोपाल में इसके लिये ठाकरे सभागार मिंटो हॉल में कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घंटी बजाकर इंदौर नगर पालिका निगम के ग्रीन बॉन्ड पब्लिक इश्यू को जारी किया था।

इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि इंदौर को मैं एक बार फिर हृदय से बधाई देता हूं। इंदौर मेरे सपनों का शहर, अब दुनिया के सपनों का शहर बन रहा है। हमारे अन्य शहर भी अच्छा काम कर रहे हैं। भोपाल भी हमारी स्वच्छतम राजधानी है। सभी शहरों को आगे बढ़ाना है।

 

उन्होंने आगे कहा कि इंदौर नगर निगम ने कार्बन उत्सर्जन को रोकने तथा कार्बन क्रेडिट को अर्जित करने के लिए बिजनेस मॉडल बनाया है। इन नवाचारों के कारण कार्बन उत्सर्जन कम करके 4 लाख कार्बन क्रेडिट अर्जित किए जा चुके हैं और वैश्विक बाजार में ट्रेडिग कर ₹9 करोड़ कमाए जा चुके हैं।

इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड के माध्यम से इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा 244 करोड़ रुपए के ग्रीन बांड की लिस्टिंग की गई। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगरीय प्रशासन प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई, आयुक्त प्रतिभा पाल, अपर आयुक्त दिव्यांक सिंह भी उपस्थित थे। 

निगम का बांड जारी होने के तीन दिन में ओवर सब्सक्राइब हो गया था। उल्लेखनीय है कि इंदौर नगरपालिक निगम द्वारा खरगोन के जलूद में स्थापित किए जा रहे 60 मेगावाट के सोलर पावर प्लांट के लिए राशि जुटाने के उद्देश्य से बीती दस फरवरी को 244 करोड़ रुपए के ग्रीन बांड पब्लिक इश्यू जारी किए गए थे।