नहर में बहे हिंदू महासभा ग्वालियर के जिला महामंत्री मोहन सिंह बघेल और उनके भाई का शव बरामद हो गया है। दोनों के शव नहर की तलहटी में बरामद हुए। दोनों शवों को जौरा हॉस्पिटल लाया गया जहाँ दोनों का पोस्टमार्टम होगा। 

मोहन सिंह बघेल, अपने बड़े भाई बाबूलाल बघेल के साथ नहर में बह गए थे। बुधवार रात 8 बजे दोनों मुरैना से सबलगढ़ शादी में जाते समय जौरा उत्तमपुर के पास तेज बहाव में बह गए थे। गोताखोर दोनों की तलाश कर रहे थे। 

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस सहित स्वजनों ने राहत कार्य शुरू किए थे। गुरुवार को सुबह साढ़े सात बजे से गोताखोर नहर में उतरे हुए थे लेकिन उनका पता नहीं चला था। दोपहर बाद दोनों के शव बरामद हुए। 

हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज ने घटना की जानकारी देते हुए बताया था कि, संगठन के जिला महामंत्री मोहन सिंह अपने बड़े भाई बाबूलाल छोले वाले के साथ कल 8 मार्च को दो पहर ग्वालियर से मुरैना जिले के लिए निकले थे। उन्हें सबलगढ़ पहुंचकर रात को एक शादी समारोह में शिरकत करनी थी।