भोपाल पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर बलात्कार का मामला दर्ज किया है। दरअसल वह एक फ्लैट के सौदे के लिए अपने किराएदार के साथ भोपाल आई थी। दोनों हनुमानगंज इलाके की एक लॉज में रुके थे। यहां पर किराएदार युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया । इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह करीब नौ महीने तक महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। परेशान होकर महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 39 साल महिला होशंगाबाद जिले में रहती है। महिला के घर में शैलेन्द्र नाम का किराएदार रहता है। कई महीनों तक किराए से रहने के कारण शैलेन्द्र कई कामों में महिला की मदद कर देता था। पिछले साल महिला ने शैलेन्द्र को बताया कि उसका भोपाल के द्वारकाधाम में एक फ्लेट है जिसे वह बेचना चाहती है इस पर शैलेन्द्र ने कहा कि भोपाल में उसकी पहचान के कई लोग हैं उनसे बात कर वह फ्लेट बिकवा देगा।
पिछले साल सात मार्च को महिला शैलेन्द्र के साथ भोपाल आई तथा उसे फ्लेट दिखा दिया। इसी दिन शैलेन्द्र ने एक पार्टी से फ्लेट के बारे में बात कर ली। दो दिन बाद ही दोनों फ्लेट की बिकवाली के लिए फिर से भोपाल आए। वे यहां पर हनुमानगंज इलाके की एक लॉज में रुके। यहां पर शैलेन्द्र ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया। बाद में इसी वीडियों को बनाकर उसने महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। शारीरिक संबंध बनाने के साथ ही वह महिला से पैसे ऐंठना भी शुरू कर दिया। जमीन के एक सौदे के पैसे भी उसने अपने पास रख लिए। शारीरिक शोषण व ब्लेकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी।