वैसे तो आपने दपंति के बीच झगड़े और नौबत तलाक तक पहुंचने के कई मामले देखे और सुने होंगे, लेकिन राजधानी भोपाल में एक पति ने यह कहकर तलाक की अर्जी लगाई है कि पत्नी उसकी पत्नी तंत्र क्रिया और अजीब सी पूजा-पाठ करती है, इससे घबराकर वह बीते कुछ समय से अलग रह रहा है और अब पत्नी से तलाक चाहता है। वहीं दूसरी ओर पत्नी ने पति के सभी आरोपों को नकारते हुए कहा है कि यह सच नहीं है, बल्कि पति, दूसरी महिला के चक्कर में है और उससे पीछा छुड़ाने झूठी कहानियां बना रहा है। हालांकि मामले में अब दंपति की काउंसलिंग की जा रही है, ताकि उनका घर टूटने से बचाया जा सके।

यह है पूरा मामला

दरअसल, अशोका गार्डन निवासी दंपति की शादी को करीब 26 साल हो गए हैं। मामले में पत्नी ने जिला विधिक प्राधिकरण में आवेदन देते हुए बताया कि उसे और दो बेटियों को छोड़कर बीते दो साल से अलग रह रहा है और उनकी किसी तरह की जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं। इसके बाद पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक का केस लगा दिया।

तरह-तरह के उपाय करने को कहती है पत्नी

मामले में पति का कहना है कि उसका किसी और स्त्री के साथ कोई संबंध नहीं है। वह पत्ती के तंत्र-मंत्र से परेशान होकर घर से निकल गया। पति ने कहा कि वह सामान्य प्राइवेट नौकरी में था। सालों से पत्नी ज्यादा पैसे के लिए तरह-तरह के उपाय करने को कहती थी। बेटियां बड़ी हुई तो पत्नी का पागलपन बढ़ने लगा। उसने बेटियों को भी अपने इस पागलपन में शामिल कर लिया। अब बेटियां भी अच्छे वर और पैसे की चाह में अपनी मां के साथ अजीब-अजीब पूजा-पाठ करती रहती हैं। पति ने कहा कि उसे यह सब पसंद नहीं है। उसे हर वक्त डर लगा रहता है कि पत्नी अपने तंत्र-मंत्र की सनक में जाने क्या कर जाए।

घर में हमेशा अगरबत्ती और धूप- दीप का धुआं भरा रहता है

पति ने कहा कि उसने बीते सालों में पत्नी को समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन वह एक ही बात की रट लगाए है कि मैंने सालों से यह तपस्या की है। अब तो फल मिलने का समय है, हमारी सारी तकलीफें दूर हो जाएंगी। पति ने कहा कि आए दिन घर में पूजा-पाठ करने वाले तांत्रिक आते रहते हैं, घर में हमेशा अगरबत्ती और धूप-दीप का धुआं भरा रहता है। कुछ कहने पर उसे हमेशा यह कहकर चुप करा दिया जाता था कि तुम शांत रहो, इन सब के बीच में मत आओ, वरना तुम्हारे लिए अच्छा नहीं होगा। इसलिए उसने घर छोड़ दिया।

घर में नार्मल पूजा-पाठ करती हूं

मामले में पत्नी ने कहा कि पति का आरोप गलत है। वह घर में नार्मल पूजा-पाठ करती है। हां, वह थोड़ी धार्मिक है, इसलिए कोई सुअवसर होने पर कभी-कभार पूजा भी करवाती रहती है। पत्नी के अनुसार घर में शाम को लगने वाली धूप बत्ती को तांत्रिक क्रिया बता कर पति यह फालतू बात कर रहा है। पत्नी ने आरोप लगाया कि पति दूसरी स्त्री के चक्कर में अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहा है। उसने कहा कि बेटियां शादी की उम्र पार कर रही हैं, लेकिन पिता के साथ ना होने से वह बेटियों के लिए अच्छा वर भी नहीं तलाश पा रही।