BHOPAL: मप्र में पिछले 18 साल (वर्ष 2003 से वर्ष 2021 तक) में वन आवरण 1.4 प्रतिशत बढ़ा है। इसमें अतिसघन वन में 56.5 प्रतिशत, और खुले वनों में 5.9 प्रतिशत की वृध्दि हुई है। यह जानकारी राज्य के वन विभाग द्वारा की गई विभागीय समीक्षा बैठक में सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 में प्रदेश में वन आवरण 76 हजार 429 वर्ग किलोमीटर था जो वर्ष 2021 में 77 हजार 492 वर्ग किलोमीटर हो गया तथा इस प्रकार वन आवरण में 1 हजार 63 वर्ग किलोमीटर की वृध्दि हुई। इसी प्रकार, उक्तावधि में अति सघन वन वर्ष 2003 में 4 हजार वर्ग किमी थे जो वर्ष 2021 में 6 हजार 665 वर्ग किमी हो गये जिसमें 2 हजार 265 वर्ग किमी की वृध्दि हुई। खुले वन वर्ष 2003 में 34 हजार 584 वर्ग किमी थे जो वर्ष 2021 में बढक़र 36 हजार 618 वर्ग किमी हो गये जोकि 2 हजार 32 वर्ग किमी की वृध्दि दर्शाती है। हालांकि मध्यम घने वन वर्ष 2003 में 37 हजार 843 वर्ग किमी थे जो वर्ष 2021 में घटकर 34 हजार 209 हो गये तथा इस प्रकार 3 हजार 274 वर्ग किमी की कमी आई  है।