भोपाल: राज्य सरकार 1 अप्रैल 2024 से प्रारंभ वर्तमान वित्त वर्ष में अपना पहला 5 हजार करोड़ रुपयों का बाजार से कर्ज रिजर्व बैंक के मुम्बई कार्यालय के माध्यम से अपनी गवर्मेन्ट सिक्युरिटीज का विक्रय कर उठाया है। यह कर्ज दो हिस्सों में लिया गया है जोकि ढाई-ढाई हजार करोड़ रुपयों का है। पहले कर्ज का पूर्ण भुगतान 11 साल बाद होगा जबकि दूसरे कर्ज का पूर्ण भुगतान 21 साल बाद किया जायेगा।
दोनों ही कर्ज पर साल में दो बार कूपन रेट पर ब्याज का भुगतान भी किया जायेगा। पिछले वित्त वर्ष में राज्य सरकार ने कुल 42 हजार 500 करोड़ रुपयों का कर्ज लिया था।
वर्तमान में बाजार सें उठाये जाने वाले कर्ज हेतु राज्य सरकार ने जानकारी जारी की है कि उसे 31 मार्च 2024 तक राजस्व व्यय के मुकाबले राजस्व आय ज्यादा हुई जोकि 620 करोड़ 94 लाख रुपये थी। इसी प्रकार, 31 मार्च 2024 तक राज्य सरकार पर कर्ज का कुल भार 3 लाख 75 हजार 578 करोड़ 52 हजार रुपये था।