नगर निगम इंदौर द्वारा नगरीय निकाय में वित्तीय नवाचार करते हुए जलूद जिला खरगोन में रूपये 240 करोड से 60 मेगावाट का सौर उर्जा संयंत्र लगाने के लिये 244 करोड़ रुपये के ग्रीन बॉन्ड शुक्रवार सुबह जारी किये गये। मात्र ढाई घंटे में ही ग्रीन बॉन्ड के माध्यम से 300 करोड़ जुटाए गये। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव व आयुक्त पाल ने बताया कि निगम द्वारा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के माध्यम से जारी किये गये ग्रीन बॉन्ड 10.30 बजे इशु किये गये थे, जिन्हे निवेशको का अच्छा प्रतिसाद मिला, जिसके परिणाम स्वरूप ग्रीन बॉन्ड इशु करने के उपरांत मात्र 2.30 घंटे में ही 300 करोड़ जुटाए गये।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके लिए इंदौर को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि स्वच्छता में 6 बार लगातार नंबर वन रहने वाले इंदौर के ग्रीन बॉन्ड को निवेशकों व आमजन ने हाथों-हाथ लिया और नंबर वन बना दिया। कुछ ही घण्टों में बॉण्ड ओवरसब्सक्राइब हो गया। इंदौर स्वयं एक ब्राण्ड बन गया है। यह इंदौर की साख के कारण ही संभव हुआ है।
गौरतलब है कि इंदौर ग्रीन बॉन्ड का पब्लिक इशु जारी करने वाला इंदोर देश का पहला शहर है। ग्रीन बॉन्ड के माध्यम से स्मार्ट इन्वेस्टमेंट किया जा सकता है। इस ब्रान्ड का मुल्य राशि रूपये 1 हजार प्रति बॉन्ड है, जिसमें इफैक्टिव कूपन रेट 8.25 प्रतिशत तथा प्रभावी वार्षिक दर 8.41 प्रतिशत है, जिसको एए प्लस व एए की रेटिंग प्राप्त बॉन्ड है। यह ग्रीन बॉन्ड दिनांक 10 फरवरी 2023 से पब्लिक के लिये जारी किये थे, उक्त बॉन्ड को बंद करने की अवधि 14 फरवरी 2023 निश्चित की गई थी, किंतु निगम द्वारा बॉण्ड जारी करते ही मात्र 2.30 घंटे में ग्रीन इशु ओव्हर सब्क्राईस हो गये।