मंगलवारा थाना क्षेत्र स्थित • हमीदिया रोड के होटल रेडसी प्लाजा में इंदौर के स्पोर्ट कोच से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी उनका परिचित है और कुछ बात करने के बहाने होटल आया था। उक्त मामले में पुलिस ने साधारण मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मूलरूप से आढ़ा बाजार थाना पंडरीनाथ इंदौर निवासी अमय लश्करी (30) एलेट अकादमी में स्पोर्ट कोच हैं और विगत 11 जून को इंदौर से खेल युवा कल्याण विभाग में दो बच्चियों का फैंसिंग गेम में रजिस्ट्रेशन कराने भोपाल आए थे। वह यहां होटल रेडसी प्लाजा के कमरा नंबर 301 में रुके थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मेरे पूर्व परिचित अमन डमेले का फोन आया था। उसने पूछा कि आप कहां हो सर । मुझे आपसे आपके खिलाड़ी के संबंध में बात करनी है। मैंने उसे बता दिया कि मैं होटल रेडसी प्लाजा में रुका हूं। लिहाजा अगले दिन 12 जून की रात करीब डेढ़ बजे अमन डमेले अपने दो साथियों के साथ होटल पहुंचा और बात करने के लिए मुझे होटल के बाहर बुलाने लगे।

फरियादी ने बताया कि वह कमरे से निकलकर होटल की सीढियों पर पहुंचे थे कि तभी अमन व उसके साथियों ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। उनमें से एक ने पीछे से मेरे सिर पर किसी चीज से वार किया। जिससे वह नीचे गिर गए। शोर सुनकर अमय लश्करी के साथ आई दोनों लड़कियां तनिष्का व प्रांजली होटल मैनेजर के साथ वहां आ गईं। पुलिस ने बताया कि फरियादी के गले में पहनी सोने की चार तोला वजनी चेन व 52 सौ रुपए नगदी नहीं हैं।