भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में सुनसान खेत में फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा नर्स से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दोनों की एक महीने पहले ही सोशल मीडिया इंस्ट्राग्राम पर दोस्ती हुई थी। गुरुवार को फिजियोथेरेपिस्ट, युवती को देखने के बहाने उसके घर पहुंचा और आइसक्रीम खिलाने का कहकर अपने साथ ले गया। इसके बाद कोलार के एक सुनसान खेत पर ले जाकर बलात्कार किया और उसका मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिया। वह नर्स को जबरन अपने रूम पर लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में चलती बाइक से कूद गई। उसने चौकीदार की मदद से डायल 100 को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार मूलत दमोह निवासी 24 वर्षीय युवती गोविंदपुरा इलाके में रहती है और एक अस्पताल में नर्स का काम करती है। करीब एक महीने पहले सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती नरेंद्र पटेल (27) से हुई थी। मूलत सीधी का रहने वाला वाला नरेंद्र पटेल फिजियोथेरेपिस्ट है। वह कोलार इलाके में रहता है और फिजियोथेरेपी का क्लीनिक चलाता है। नरेंद्र और नर्स के बीच फोन पर बातचीत हुआ करती थी । गुरुवार रात नरेंद्र ने युवती को फोन किया और बोला वह उसे देखना चाहता है। पहले तो युवती ने उसे मिलने से मना कर दिया, लेकिन जब वह काफी देर तक मनाता रहा तो युवती ने उसे घर के पास बुला लिया। रात करीब 11 बजे नरेंद्र युवती से मिलने पहुंचा। उसने युवती से कहा कि चलो आईसक्रीम खाकर आते हैं।