भोपाल: वन्यप्राणी मुख्यालय भोपाल से प्राप्त निर्देश पर टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर के द्वारा वन्यप्राणी गोह का शिकार एवं उसके अवयवों के अवैध व्यापार में लिप्त फरार वारंटी आरोपी पवन पारधी पिता ढकेल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उक्त आरोपी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के अंतर्गत दर्ज वन अपराध प्रकरण दिनांक 6 मार्च 2018 में विगत 4 वर्षों से फरार था।
आरोपी के विरूद्ध न्यायालय सतना के द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इस पर कार्यवाही करते हुये टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर के दल द्वारा राज्य के बाहर छत्तीसगढ़ के रायपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय सतना के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दिया गया है।
उक्त आरोपी के विरूद्ध राज्य एवं राज्य के बाहर वन्यप्राणी का शिकार एवं उसके अवयवों के व्यापार से संबंधित अनेक मामले लंबित हैं। इसमें गुजरात राज्य के बहुचर्चित शेर के शिकार का प्रकरण भी पंजीबद्ध है। टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर द्वारा किये गये इस कार्य की प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी जसबीर सिंह चौहान द्वारा सराहना की गयी है।