प्रदेश के वरिष्ठ नौकरशाहों का सियासी मोह कोई नई बात नहीं है। कई आईएएस और आईपीएस प्रशासनिक पारी के बाद राजनीतिक पारी का आग़ाज़ कर चुके हैं। इस कड़ी में अब एक नाम और जुड़ने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रदेश के वरिष्ठ IPS अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा भी जल्द ही अपनी सियासी पारी का आगाज कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम शर्मा ने नौकरी छोड़ने का आवेदन देकर मुरैना जिले की जौरा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरु कर दी है।
खबर तो यहाँ तक आ रही है कि IPS अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा ने जौरा में अपना घर बनाना भी शुरू कर दिया है। साथ ही वे जौरा के आसपास के गांव में सक्रिय भी हो गये हैं। वे मूलतः ग्वालियर जिले के डबरा के रहने वाले हैं लेकिन ब्राह्मण बाहुल्य सीट होने के कारण उनकी दिलचस्पी जौरा सीट पर है।
IPS अधिकारी पुरुषोत्तम शर्मा उस समय सुर्ख़ियों में आये थे जब उनकी पत्नी ने उन्हें एक महिला के घर रंगे हाथ पकड़ा था। इसके बाद दोनों पति पत्नि में मारपीट का वीडियो वायरल भी हुआ था।
इस घटनाक्रम के बाद राज्य सरकार ने शर्मा को निलंबित कर दिया था। हालांकि वे हाईकोर्ट से बहाल हो गये हैं लेकिन सरकार ने उन्हें कोई काम नहीं दिया है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के टिकट के लिए शर्मा की प्रारंभिक बातचीत भी हो गई है।