मध्यप्रदेश की सियासत में इन दिनों  कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी बेहद सुर्ख़ियों में हैं। अब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमे वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ़ करते नज़र आ रहे हैं। वीडियो को लेकर भाजपा ने कांग्रेस की गुटबाज़ी पर कटाक्ष किया है। 

वीडियो में वे कहते नज़र आ रहे हैं कि शिवराज जी जैसा आइडियल राजनेता होना चाहिये…जो किसान पुत्र है , किसान को अपना भगवान मानते है..
उनके विचार पवित्र है , मेरा मानना है कि देर हो सकती है लेकिन उनके रहते कभी अंधेर नहीं हो सकता है…” . 

वहीं भाजपा के नरेंद्र सलूजा ने पटवारी के वीडियो को शेयर कर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज़ कैसा है। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस के विधानसभा से निलंबित विधायक जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री शिवराज जी के परिश्रम , मेहनत की तारीफ़ कर , अघोषित रूप से कमलनाथ जी पर साधा निशाना.. उन्होंने कहा - “श्रम से परिणाम का ताल्लुक़ है , शिवराज जी बहुत मेहनत करते है, दिन रात लगे रहते है, रोज़ दो जिलो में जाते है..” 

बता दें कि जीतू पटवारी इन दिनों कांग्रेस में उपेक्षित बताये जा रहे हैं। हाल ही में  उन्हें सदन से निलंबित भी कर दिया गया था। इसके बाद कांग्रेस ने सदन में काफी हंगामा भी किया था। बीते दिनों यह खबर आई थी कि पटवारी का निलंबन समाप्त भी किया जा सकता है लेकिन अब तक ऐसा हुआ नहीं है। यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने अपने निलंबित विधायक को  अकेला छोड़ दिया है। इससे पहले पटवारी ने कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री कहे जाने पर भी सवाल उठाये थे।