भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा इंदौर पहुंचे हैं। इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर एयरपोर्ट पर नड्डा का स्वागत और अभिनंदन किया।
CM शिवराज ने ट्वीट करके कहा है, कि @JPNadda जी का देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर आगमन पर मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से हृदय से स्वागत करता हूं। आपका कुशल मार्गदर्शन नि:संदेह हम सभी कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करेगा।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अहम निमाड़ अंचल में आज भाजपा शक्ति प्रदर्शन करेगी। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को खरगोन में महिला सम्मेलन, राज्य स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन और आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत 1 लाख 8 हजार 220 भू-स्वामियों को संपत्तियों के अधिकार अभिलेख दिए जाएंगे। साथ ही, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के तहत 423 हितग्राहियों को पट्टे दिए जाएंगे।
भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल पूरा होने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा खरगोन के नवग्रह मेला मैदान पर विशाल सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले, सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से सभा स्थल तक खुली जीप से रोड शो करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी इस रोड शो में शामिल रहेंगे।