शिवपुरी जिले का माधव नेशनल पार्क 27 साल बाद बाघों से फिर आबाद हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शिवपुरी जिले के नेशनल पार्क में दो बाघों को बाड़े में छोड़कर यहां बाघों को फिर से बसाने की कवायद शुरु कर दी है।
वैसे तो यहां पर तीन बाघ छोड़े जाने थे लेकिन पन्ना राष्ट्रीय उद्यान से रवाना होने पहले बाघिन नेशनल पार्क की तय लोकेशन से गायब हो गई जिसके कारण उसको बाद में लाया जाएगा।
सीएम शिवराज शुक्रवार को ग्वालियर होकर शिवपुरी नेशनल पार्क क्षेत्र के बलारपुर पहुंचे जहां बाघों को छोड़ने के बाद उन्होंने बाघ मित्रों से चर्चा की। शिवपुरी का माधव राष्ट्रीय उद्यान 375 किलोमीटर के दायरे में फैला हुआ है। इसके बाद सीएम शिवपुरी पहुंचेंगे और स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यहां रोड शो करेंगे।
रोड शो में सीएम शिवराज और BJP के प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा के साथ केंद्रीय मंत्री सिंधिया और यादव मौजूद रहेंगे। इसके बाद विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन का कार्यक्रम है। यहां सभी नेता एक सभा को भी संबोधित करेंगे। सीएम चौहान इसके बाद आगरा होकर मथुरा जाएंगे और वहां रात्रि विश्राम करेंगे।
पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक बृजेंद्र झा के अनुसार तीन बाघिन चिह्नित की गई थीं। इनमें से एक को ट्रेंकुलाइज करके माधव राष्ट्रीय उद्यान के लिए भेजना था। लेकिन बाघिन की लोकशन रवाना किए जाने के पहले नहीं मिल पाई। टीम तलाश में जुटी हुई थी। बाघिन को किसी बाड़े में नहीं रखा गया था लेकिन उसकी सतत निगरानी की जा रही थी।
उधर सूत्रों के अनुसार पन्ना में बाघिन को ढूंढ लिया गया है लेकिन उसके शरीर पर घाव बताया जा रहा है जिसके कारण उसे फिलहाल लाया जाना संभव नहीं था। ऐसे में अब बांधवगढ़ से लाई गई एक मादा और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से लाए गए एक बाघ को ही बाड़े में छोड़ा गया है। इस पूरे मामले में पन्ना टाइगर रिजर्व की गंभीर लापरवाही भी सामने आई है।