रीवा से अलग होकर मऊगंज अब नया जिला बनेगा। यह मध्यप्रदेश का 53वां जिला होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को रीवा के मऊगंज में आयोजित कार्यक्रम में यह ऐलान किया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि मेरे भाइयों-बहनों, आज से मऊगंज को जिला बनाने की प्रक्रिया आरंभ हो जायेगी और 15 अगस्त को इस जिला मुख्यालय पर झण्डा फहराया जायेगा। नईगढ़ी, मऊगंज, हनुमना तथा देव तालाब को मिलाकर मऊगंज मध्यप्रदेश का 53वां जिला होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबल योजना के इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 27 हजार 310 श्रमिक परिवारों को 605 करोड़ रूपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। योजना में निर्माण श्रमिकों के 3509 प्रकरणों में 75 करोड़ और संबल योजना के 23 हजार 801 प्रकरणों में 530 करोड़ रूपये की सहायता राशि हितग्राही के खाते में अंतरित की गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिव्यांग दृष्टिबाधित बेटा-बेटियों से भेंट की और उनके प्रशिक्षण के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि संबल योजना में हमने तय किया कि दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिवार को दर-दर की ठोकरें न खाना पड़े, इसके लिए ₹4 लाख की राशि, 60 साल से कम उम्र में सामान्य मृत्यु पर ₹2 लाख और विकलांग होने पर एक लाख की राशि देंगे।अंतिम संस्कार के लिए ₹5000 की राशि देंगे।