मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना योजना का सियासी मुकाबला करने के लिए कांग्रेस आज से नारी सम्मान योजना शुरू कर रही है। पीसीसी प्रमुख कमलनाथ छिंदवाड़ा में महिलाओं के फार्म भरकर योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत कांग्रेस महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेण्डर और 1500 रुपए प्रति माह देने का वादा कर रही है।

मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस पर तंज कसते हुए कमलनाथ को आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है, कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसको इन्होंने ठगा नहीं। वे आज ठगराज पार्ट-2 रिलीज़ करने वाले हैं। किसानों, कन्याओं से लेकर व्यापारियों तक को कमलनाथ की सरकार ने ठगा है। अब कमलनाथ प्रदेश की बहनों के साथ फर्जीवाड़ा करने जा रहे हैं।

https://twitter.com/psamachar1/status/1655808393590833153?s=20

गृहमंत्री ने कहा कि हिमाचल की नकल करते हुए कांग्रेस यहां पर भी नारी सम्मान योजना लागूकर रही है। मेरा सवाल है, कि अब तक कितने लोगों को इसका लाभ मिल पाया है। उनका कहना था कि एक को भी मिला हो तो बताएं। पहले किसानों के साथ ठगी की अब माता-बहनों के साथ ठगी करके मध्यप्रदेश में ठग विद्या फैलाने का काम कर रहे हैं।

वहीं एक दिन पहले भी गृहमंत्री ने इस योजना पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि रियल और वर्चुअल में बड़ा अंतर है, शिवराज जी की योजना रियल है, पैसा अंदर है. बहनों के खाते में 10 जून से जमा होना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस योजना का हश्र भी किसान कर माफी योजना जैसा होने वाला है।