भोपाल: प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों के इलाज की व्यवस्था राज्य लघु वनोपज संघ करेगा। दरअसल यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पांच माह पहले 3 नवम्बर 2022 को की थी जिस पर लघु वनोपज संघ तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों के इलाज पर होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने की कार्यवाही कर रहा है। वन विभाग ने संघ को सीएम की इस घोषणा की पूर्ति के लिये अब अवगत भी करा दिया है ताकि वह इसका घोषणा के पालन का प्रतिवेदन दे सके।
इधर सीएम ने 20 दिसम्बर 2022 को भोपाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय वन मेला में घोषणा की थी कि प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के प्रबंधकों का वेतन 10 हजार रुपये सेू बढ़ाकर 13 हजार रुपये प्रति माह किया जायेगा। राज्य लघु वनोपज संघ ने इसका प्रस्ताव तैयार कर इसे प्रशासकीय अनुमोदन हेतु भेजा है जो अब तक स्वीकृत नहीं हुआ है।