इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर हादसे में 36 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। हादसे को लेकर मंदिर समिति के अध्यक्ष और सचिव पर गैर इरादतन हत्या का केस भी दर्ज किया गया है। वहीं अब यह भी सामने आया है कि विधायक आकाश विजयवर्गीय भी इस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।

दरअसल रामनवमी के मौके पर होने वाले हवन में शामिल होने विधायक आकाश विजयवर्गीय भी बेलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने वाले थे। हादसे के 10 मिनट पहले जब वे मंदिर के लिए रवाना हुए, तो रास्ते में ही लोगों ने उन्हें रोक लिया, उनसे बातचीत करने के दौरान ही ये हादसा हो गया। 

यदि लोग विधायक विजयवर्गीय को नहीं रोकते तो वे भी मंदिर पहुंच जाते और हादसे का शिकार हो सकते थे। हादसे की सूचना मिलते ही विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और तब से लगातार बचाव कार्य पर नज़र रख रहे हैं।

आपको बता दें कि इंदौर के मंदिर हादसे की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और मृतकों के परिवार वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही निर्देश दिए कि इस प्रदेश में ऐसे ढंके हुए कुएं-बावड़ी की तलाश कर खोले जाएंगे ताकि फिर कोई हादसा न हो। उन्होंने घटनास्थल का दौरा भी किया।

गौरतलब है कि इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में 50-60 फीट गहरे पानी से भरी बावड़ी की छत गिरने से रामनवमी का जश्न मातम में बदल गया और उस पर बैठे कई लोग गिर पड़े थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई थी।