मध्यप्रदेश में कई बार कांग्रेस और भाजपा के समीकरण बिगाड़ने वाली बहुजन समाज पार्टी इस बार विंध्य समेत कुछ क्षेत्रों में खासी सक्रिय है और उसे दोनों दलों के बागियों से खासी मदद की भी उम्मीद है। इसके चलते बसपा प्रमुख मायावती अगले कुछ दिनों में 9 बड़ी सभा करने वाली हैं। वे मप्र में पांच दिन दौरे करेंगी। सतना जिले में उनकी सभा की तैयारी तेज है। 

वहीं भाजपा, कांग्रेस, सपा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे होने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 4 नवंबर को एमपी आ रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 8 और 9 नवंबर को आएंगी। बसपा प्रमुख मायावती 5 दिन में 9 बड़ी सभाओं को संबोधित करेंगी। पीएम मोदी की 4 नवंबर को रतलाम और सिवनी में सभा प्रस्तावित है।

मप्र के स्थापना दिवस पर मोदी ने दिया संदेश: पीएम मोदी ने आज एक्स हैंडल पर पोस्ट करके मप्रवासियों को शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने लिखा है- विकास की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा मध्यप्रदेश अमृतकाल में देश के संकल्पों को साकार करने में अहम योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के इस बधाई संदेश पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आभार जताया है मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'राष्ट्र निर्माण के इस अनवरत यज्ञ में हृदय स्थली मध्यप्रदेश की भूमिका भी अभूतपूर्व रही है। मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प में मध्यप्रदेश भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहा है।'