मध्यप्रदेश के ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में शुक्रवार को मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। भोपाल में सुबह रिमझिम हुई है, तीन दिन से बादल छाये हुये हैं। वहीं राजस्थान से जुड़े मप्र के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि1 जुलाई से तेज बारिश का दौर थम जाएगा, जो एक-दो दिन तक थमा रह सकता है। इसके बाद फिर से तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
इधर सिवनी के डुंगरिया डैम में रिसाव हो गया, जिससे दो गांवों को खाली कराया गया। वहीं, जबलपुर इटारसी रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। इस कारण दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें कैंसिल हो गई, या फिर उन्हें डायवर्ट कर दिया गया। जबलपुर और नरसिंहपुर में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर नर्मदा नदी का जलस्तर गुरुवार शाम तक 30 घंटे में 14 फीट से ज्यादा पानी बढ़ा है।
उधर 50 डिग्री से परेशान
पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ते तापमान का सामना कर रही है। भारत में तो प्राय सभी राज्यों में बारिश ने दस्तक दे दी है। और गर्मी विदा हो रही है लेकिन गर्मी का कहर इस समय सबसे ज्यादा मेक्सिको में है। यहां के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में कम से कम 100 लोगों की मौत हुई है।
मेक्सिको में भयंकर गर्मी के कारण बिजली की भी रिकॉर्ड मांग बढ़ गई। लिहाज कई बार कटौती हो रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, दो-तिहाई से अधिक मौतें 18-24 जून के बीच में हुईं, जबकि शेष पिछले सप्ताह हुईं। अधिकतर मौतें लू की वजह हुईं। वहीं, इनमें से कुछ की मौत का कारण डिहाइड्रेशन भी रहा।