मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ करने के साथ सोमवार को प्रदेश में बनकर तैयार हुए पहले सीएम राइज स्कूल भवन को लोकार्पित किया। शाजापुर जिले के गुलाना में नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल को लोकार्पित करते हुए CM शिवराज ने कहा कि मेरे बच्चों, मैं तुम्हारे सपनों को कभी मरने नहीं दूंगा। तुम ऊंचे आकाश में उड़ान भरो, इसके लिए तुम्हारा मामा हर सुविधा उपलब्ध कराएगा।
सोमवार को इंदौर होकर गुलाना पहुंचे सीएम चौहान ने 24 करोड़ की लागत से बने प्रदेश के पहले सीएम राइज स्कूल भवन का लोकार्पण करने के साथ ही 'स्कूल चलें हम'अभियान 2023 का घंटा बजाकर शुभारंभ किया एवं बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी इस मौके पर मौजूद थे।
स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत शाला प्रबंधन समितियों, शाला प्रबंधन तथा विकास समितियों की विशेष बैठक एवं अभिभावक शिक्षक बैठक की जाएगी। कार्यक्रम में शाला के पूर्व विद्यार्थी एवं जन-प्रतिनिधि भी आमंत्रित होंगे।
अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए 17 से 19 जुलाई तक प्रदेश की सभी शासकीय शालाओं में जनसमुदाय की सहभागिता होगी। इस दौरान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए समाज के प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्ति, स्थानीय विशिष्ट व्यक्ति आदि प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट कर अपने अनुभवों को साझा कर सकेंगे।
इसके लिए विभाग की लिंक के माध्यम से 17 से 19 जुलाई के मध्य अपनी सुविधा से किसी एक दिवस का और शाला का चयन करना होगा। भविष्य से भेंट कार्यक्रम में सहभागिता के लिए अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक व्यक्तियों द्वारा एजुकेशन पोर्टल पर अपना पंजीयन किया गया हैं। जिला कलेक्टर के द्वारा जिले के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के समस्त अधिकारियों को 17 जुलाई को एक पीरियड अध्यापन कराने के लिए शाला आवंटित की जाएगी।