मध्यप्रदेश को जल्द ही दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सौग़ात मिल सकती है। मध्यप्रदेश को दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से रीवा के बीच चलाया जा सकता है। इसको लेकर जबलपुर मंडल के अधिकारियों द्वारा रीवा कोचिंग डिपो का निरीक्षण भी किया गया है।
माना जा रहा है कि अब कोचिंग डिपो की जांच रिपोर्ट रेलवे के मंडल और जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी, इसके बाद रेलवे बोर्ड और पीएमओ के पास भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन पटरी पर दौड़ने लगेगी।
मध्यप्रदेश की पहली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन रानी कमलापति से दिल्ली के बीच हाल ही में चलाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे हरी झंडी दिखाई थी। अब दूसरी वंदेभारत एक्सप्रेस रीवा से रानी कमलापति स्टेशन के बीच चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।
अभी सतना और रीवा के राजधानी भोपाल से जोड़ने के लिए एकमात्र रेवांचल एक्सप्रेस का ही विकल्प है। इसमें लगातार लम्बी वेटिंग के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वंदेभारत एक्सप्रेस के चलाये जाने से सतना और रीवा के लिए भोपाल से एक और विकल्प उपलब्ध हो जाएगा साथ ही समय की भी बचत होगी।