प्यार में लोग क्या-क्या नहीं करते। साथ जीने-मरने की कसमें खाने के साथ-साथ अपने प्यार की ख़ातिर किसी भी हद को पार करने तक से प्रेमी युगल पीछे नहीं हटते। जब दो प्यार करने वालों को परिवार का साथ उनकी रज़ामंदी मिलती है, तो फिर क्या ही कहने लेकिन कई बार यही परिवार उनके ख़िलाफ़ खड़ा हो जाता है। यहाँ तक कि परिवार अपनी इज्ज़त बचाने के लिए ऑनर किलिंग जैसे खतरनाक स्टेप उठाने से भी नहीं हिचकिचाता। मध्यप्रदेश के मुरैना ज़िले के अंबाह थाना से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां शिवानी और राधेश्याम को प्यार करने की क़ीमत चुकानी पड़ी है।

हुआ यूं कि रतन बसई गांव निवासी 18 वर्षीय शिवानी तोमर का पुरा बरबई गांव के राधेश्याम तोमर से प्रेम संबंध था। जब इस बात का पता शिवानी के पिता को चला तो उन्होंने राधेश्याम के परिवार को धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद शिवानी और राधेश्याम गायब हो गए। राधेश्याम के परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शिवानी के परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि दोनों की हत्या कर शव को चंबल नदी में फेंक दिया है।

जी हां शिवानी के पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर शवों को चंबल नदी में फेंक दिया। पुलिस आरोपी पिता के कहने पर दोनों शवों की चंबल नदी में तलाश कर रही है। इस ऑपरेशन में एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शिवानी और राधेश्याम दोनों 3 जून को लापता हो गए थे, जिसके बाद राधेश्याम के परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 15 दिन तक तलाश चलती रही, लेकिन कुछ नहीं मिलने पर युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। इसके साथ ही लड़की के परिजनों से मिली धमकियों का जिक्र पुलिस के सामने किया।

पुलिस ने जब शिवानी के परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों की हत्या कर शवों को चंबल नदी में फेंका गया था। पुलिस के मुताबिक, छह मई को शिवानी और राधेश्याम भी घर से भाग गए थे। 11 मई को तलाशी के दौरान ये उत्तर प्रदेश में मिले। पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया। 

राधेश्याम के भाई घनश्याम सिंह तोमर का कहना है कि एक जून को शिवानी के पिता ने फोन कर भाई को समझाने की धमकी दी थी। उसे गाँव से दूर भेज दो, नहीं तो परिणाम अच्छा नहीं होगा। इसके बाद 3 जून को भाई और शिवानी लापता हो गए।