कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र से शुरू हुआ विवाद मध्यप्रदेश में भी ज़ोर पकड़ता जा रहा है। बजरंग दल पर बैन किए जाने की घोषणा बाद भाजपा जहाँ हमलावर है वहीं कांग्रेस अपनी घोषणा का बचाव कर रही है। इस बीच गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के बीच वार-पलटवार भी दिखाई दे रहा है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को इस वार-पलटवार में एक नया तीर चलाया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर तीखा कटाक्ष किया।
नरोत्तम मिश्र ने कहा कि मेरा सवाल बजरंग दल पर था और कमलनाथ हेट स्पीच की बात करने लगे। मैं पूछना चाहता हूँ कि सुप्रीम कोर्ट ने बजरंग दल को लेकर कब इस तरह की टिप्पणी की है। कमलनाथ जी बीच बीच में दिग्विजय सिंह को ले आते हैं। पूरा देश जानता है कि दिग्विजय सिंह हेट स्पीच के चलते फिरते इनसाइक्लोपीडिया हैं।
नरोत्तम मिश्र ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के खड़ाऊ अध्यक्ष हैं। पार्टी में सारे निर्णय सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ही करते हैं।