गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि राहुल गांधी और कमलनाथ के बीच मतभेद हैं। उन्होंने राहुल गांधी की संसद सदस्यता जाने पर कांग्रेस के सत्याग्रह व प्रदर्शनों को फ्लॉप शो बताया व कहा कि कांग्रेस सिर्फ दिखावा कर रही है। दरअसल कमलनाथ रविवार को दिल्ली व भोपाल में हुए प्रदर्शन में नजर नहीं आए थे। मिश्रा ने कहा कि भोपाल में अन्य बड़े नेताओं ने भी दूरी बनाई। कांग्रेस की बैठकों से भी कमलनाथ नदारद हैं। यह इस बात का संकेत है कि राहुल गांधी और कमलनाथ के बीच मतभेद हैं।

मप्र में असमय बारिश के बाद कांग्रेस का एक भी नेता किसानों से नहीं मिला। किसानों का हाल जानने खेतों में नहीं गया। कांग्रेस सिर्फ किसानों के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को भी नकारा। गृहमंत्री ने बताया कि किसानों की खराब फसल को लेकर राहत का काम तेजी से जारी है।