चैत्र नवरात्रि पर बड़ी संख्या में भक्त सलकनपुर में विजयासन देवी की पूजा-आराधना करने आते हैं। हर बार की तरह इस बार भी नवरात्रि में सलकनपुर में मेले का आयोजन किया जाएगा। इसी के चलते कलेक्टर ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं की बेहतर व्यवस्था के लिए सलकनपुर में बैठक की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।''
उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए जरूरी पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने मुख्य सड़कों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और कंडम वाहनों और गैस से चलने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही।
उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आगमन एवं निकास की सुचारू व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यदि कोई वाहन सड़क पर खराब हो जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए और वाहनों को खड़ा करने के लिए खाली जगह चिन्हित की जाए।
कलेक्टर ने आपात स्थिति के लिए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला स्थल पर दुकानों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित करने तथा मेले के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।. ताकि किसी भी तरह से यातायात प्रवाह बाधित न हो। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी किसी भी स्थान पर यातायात बाधित होने पर तत्काल यातायात सुचारू कराएं।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में रोप-वे चालू रहना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आवागमन कर सकें। बैठक में सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष, उपाध्याय, एएसपी, एसडीएम समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।