भोपाल: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार को ही नहीं, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार को भी देश के हृदय स्थल मप्र के विंध्य क्षेत्र में अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए बार-बार केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री विंध्य क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी विंध्य क्षेत्र में आना पड़ रहा है। पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आना यह साबित करता है कि भाजपा को अहसास है की विंध्य से उनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है।
सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह भी यह समझ गए हैं कि अब विंध्य को काबू करना उनके और उनकी सरकार के बस में नहीं है। शायद इसीलिए सोमवार को प्रधानमत्री का रीवा में आगमन हुआ है। विंध्य क्षेत्र की जनता में भाजपा के प्रति भारी विरोध है। https://twitter.com/ASinghINC/status/1649994994642714625?s=20
अजयसिंह ने कहा कि शिवराज सरकार 18 साल से सत्ता में है लेकिन फिर भी विंध्य विकास से अछूता है। सिंगरौली को सिंगापुर, मैहर को स्मार्ट सिटी, चित्रकूट के विकास और राम वनगमन पथ के बड़े बड़े वादे तो भाजपा सरकार ने किये लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
विंध्य क्षेत्र में अच्छी सड़कें ना होने के कारण बार-बार सड़क दुर्घटना होती है और उनमें दर्जनों लोग काल के गाल में समा जाते हैं। यहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन की कई दशकों से प्रतीक्षा के जा रही है। इस पर भी वाहवाही लूटने के लिए बिना रेल लाइन आये ही प्लेटफार्म का शिलान्यास हो चुका है। रेल लाइन के लिए जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है, वे मुआवजे और रोजगार के लिए सरकारी दफ्तरों में ठोकर खा रहे हैं।