संविधान के निर्माता, दलितों के मसीहा और मानवाधिकार आंदोलन के प्रकांड विद्वता बाबा साहेब डॉक्टर भीमाराव अंबेडकर की  जयन्ती शुक्रवार को मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिववराज सिंह चौहान ने बाबा साहब की जयंती पर उनके योगदान को याद कर नमन किया।  

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने बाबा साहब की जयंती पर ऐलान किया कि बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थ अब मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल होंगे। सीएम शिवराज ने कहा कि  हमने यह तय किया है कि संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी से जुड़े पंचतीर्थों जन्मभूमि महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षा भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्य भूमि मुंबई को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जोड़ा जा रहा है।

सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि महू आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु आवश्यक जमीन पर सेना की एनओसी मिल गई है। साढ़े तीन एकड़ जमीन को डॉ बाबा साहब मेमोरियल समिति को लीज पर देकर श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने समेत अन्य सभी आवश्यकताएं पूरी की जाएगी।  

इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज निवास में सामाजिक न्याय के प्रणेता और भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और राष्ट्र के विकास में दिए गए अमूल्य योगदान का सादर स्मरण किया।