महाराष्ट्र में चल रहे सियासी घमासान के बीच महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे उज्जैन में बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचीं। पंकजा ने आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बंगलामुखी के दर्शन भी किए।
श्रावण मास शुरू होते ही विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के साथ ही खास लोगों के आने का भी सिलसिला जारी है। बुधवार रात को महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव तथा महाराष्ट्र के परली से विधायक पंकजा मुंडे अपने उज्जैन प्रवास के दौरान महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं।
पंकजा ने श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के नियमों का पालन करते हुए नंदीमंडपम से भगवान श्रीमहाकालेश्वर के दर्शन किये। नंदी मंडपम से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना करने के बाद पंकजा मुंडे बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में ओम नमः शिवाय का जाप किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
महाकाल के दर्शन के बाद पंकजा मुंडे आगर मालवा जिले के नलखेड़ा पहुंचीं। यहां पंकजा मुंडे ने प्रसिद्ध तांत्रिक स्थल बंगलामुखी मंदिर में दर्शन और पूजा की। पंकजा मुंडे ने यहां विशेष हवन अनुष्ठान भी किया। आपको बता दें कि पंकजा मुंडे महाराष्ट्र में बीजेपी के कई अहम पदों पर रह चुकी हैं और फिलहाल बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव हैं। नलखेड़ा से हवन अनुष्ठान के बाद पंकजा मुंडे उज्जैन के लिए रवाना हो गईं।
गौरतलब है कि नलखेड़ा का मां बंगलामुखी माता मंदिर राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, यहां साल भर राजनीतिक क्षेत्र की बड़ी-बड़ी हस्तियां दर्शन, पूजा और हवन अनुष्ठान के लिए आती रहती हैं। चुनावी साल होने के कारण इस साल भी राजनीति से जुड़े लोगों का आगमन शुरू हो गया है।